
नावाडीह में ट्रक और कार की जोरदार टक्कर में एक की मौत
नावाडीह में ट्रक और कार की जोरदार टक्कर में एक की मौत
दो घायलों की स्थिति चिन्ताजनक, बोकारो में चल रहा है इलाज
नावाडीह (बेरमो): डुमरी बेरमो पथ पर स्थित गोबरगड्डा के समीप गुरुवार को एक सड़क हादसा हुआ है। सड़क हादसा में एक युवक की मौत हो गई । जबकि दो युवक गंभीर रुप से घायल है, जिसका प्राथमिक उपचार स्थानीय अस्पताल में कराने के बाद बेहतर इलाज बोकारो में किया जा रहा है । मृतक युवक की पहचान नावाडीह के बगजोबरा निवासी दिलीप कुमार के रुप में की गई है ।
जानकारी अनुसार नावाडीह के बगजोबरा निवासी दिलीप कुमार, चिरूडीह निवासी पवन कुमार तुरी और सुभाष कुमार तुरी ऑल्टो कार पर सवार होकर डुमरी की तरफ जा रहे थे । गोबरगड्डा के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक से कार का सीधा टक्कर हो गया । जिससे जहां कार के परखच्चे उड़ गए वहीं कार पर सवार तीनों युवक कार के अंदर ही फंस गए ।
मौके पर जुटे ग्रामीणों के मदद से तीनों के कार से बाहर निकाल गंभीर स्थिति में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नावाडीह पहुंचाया गया । यहां तीनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति देख बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चास रेफर कर दिया गया । चास में दिलीप कुमार की मौत हो गई । बाद में नावाडीह पुलिस घटनास्थल पहुंच घटना की जानकारी लेते हुए दोनों दुर्घटना ग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में कर ली । वहीं मृतक को पोस्टमार्टम में भेज दिया है ।
