झारखंड

कृषक पाठशाला नावाडीह में दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान प्रशिक्षण का शुभारंभ

कृषक पाठशाला नावाडीह में दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान प्रशिक्षण का शुभारंभ

आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर, जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे किसान

नावाडीह (बोकारो)। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), बोकारो के संयुक्त तत्वावधान में आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति द्वारा संचालित कृषक पाठशाला प्रशिक्षण केंद्र, नावाडीह में बुधवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य फुलमती देवी एवं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक कृषि, उन्नत फसल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक अपनाने की जरूरत : पूनम देवी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख पूनम देवी ने कहा कि हमारे पूर्वज वर्षों से पारंपरिक तरीके से खेती करते आ रहे हैं और आज भी अधिकांश किसान उन्हीं पद्धतियों का अनुसरण कर रहे हैं। लेकिन बदलते समय के साथ खेती के तौर-तरीकों में बदलाव लाना आवश्यक हो गया है। उन्होंने किसानों से पारंपरिक अनुभव के साथ आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेती का विस्तार कर उसे लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने की जरूरत है, ताकि किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

फसलों की सुरक्षा के लिए पशुओं का उचित प्रबंधन जरूरी : फुलमती देवी

जिला परिषद सदस्य फुलमती देवी ने कहा कि किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि पशुओं को खुले में छोड़ने से खेतों में लगी फसलों को काफी नुकसान पहुंचता है। यदि किसान अपने पशुओं का उचित प्रबंधन करें और उन्हें खुले में न छोड़ें, तो फसलों को होने वाले नुकसान से काफी हद तक बचाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से आपसी सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कृषि कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की।

वैज्ञानिक खेती अपनाकर आत्मनिर्भर बनें किसान : बासुदेव शर्मा

आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तेजी से बदलती तकनीकों को अपनाना आज समय की आवश्यकता बन गई है। किसानों को वैज्ञानिक एवं उन्नत खेती की जानकारी उपलब्ध कराने से न केवल कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसानों को प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों को अपने खेतों में व्यावहारिक रूप से अपनाने के साथ-साथ अन्य किसानों तक भी इसकी जानकारी पहुंचानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाना है। कृषक पाठशाला के माध्यम से समय-समय पर उन्नत खेती, प्राकृतिक कृषि, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण, मूल्य संवर्धन एवं बाजार से जुड़ाव संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं, ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।

विशेषज्ञों ने किसानों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के प्रथम दिन प्रशिक्षक नेमचंद नायक एवं भुनेश्वर महतो ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, धान की वैज्ञानिक खेती, संतुलित पोषण प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस दौरान किसानों को प्रायोगिक प्रशिक्षण के माध्यम से बीज उपचार, गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने की विधि एवं वैज्ञानिक नर्सरी प्रबंधन का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने खेती में लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा फसलों को कीट एवं रोगों से सुरक्षित रखने के विभिन्न उपायों की भी जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने विशेषज्ञों के समक्ष अपनी कृषि संबंधी समस्याएं रखीं तथा उनके समाधान प्राप्त किए।
इस अवसर पर अनवर अंसारी, भुवनेश्वर महतो, अरुण कुमार, अजय कुमार, हरि महतो, राजू महतो, मदन महतो, पिंकी देवी, पुष्पा देवी, तुलसी देवी, तुलेश्वरी देवी, हेमन्ती देवी, रेणुका देवी, सुनीता देवी, ललिता देवी, राधिका देवी, चम्पा देवी, यशोदा देवी, मीना देवी, गीता देवी, गुड़िया देवी सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *