
बोकारो में मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, आरोपी गिरफ्तार; पैसे नहीं देने पर पत्थर से हमला करने का आरोप
बोकारो: बोकारो में बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय भरत सिंह की कथित तौर पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी अभियुक्त पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के दक्षिण दिशा की ओर हुई। आरोप है कि नशे के लिए पैसे मांगने और मोबाइल छीनने के प्रयास का विरोध करने पर बुजुर्ग पर सड़क किनारे पड़े पत्थर से हमला किया गया।
सुबह करीब 5:15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे भरत सिंह
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे भरत सिंह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान लाल कंबल ओढ़े खड़े आरोपी ने कथित तौर पर उनसे नशे के लिए पैसे मांगे।
भरत सिंह द्वारा पैसे देने से इनकार करने के बाद आरोपी ने कथित रूप से उनकी जेब में रखा मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण भरत सिंह की मौत हो गई।
बोकारो में बुजुर्ग की हत्या के बाद विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को सेक्टर-9 के स्ट्रीट नंबर-36 स्थित वैशाली मोड़ से गिरफ्तार किया।
हत्या में इस्तेमाल पत्थर समेत कई सामान जब्त
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान घटना में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद किया गया है। इसके अलावा खून लगा शर्ट, मृतक का मोबाइल फोन, टूटा हुआ चश्मा और आरोपी का कंबल भी जब्त किया गया है।
मृतक के बेटे अशोक कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर हरला थाना कांड संख्या 109/2026, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन, हरला थाना के सहायक थाना प्रभारी खुर्शीद आलम, अनुसंधानकर्ता मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मंटू कुमार, कुंदन कुमार एवं उपेंद्र चौधरी के अलावा हवलदार अशोक कुमार तथा आरक्षी योगेंद्र कुमार रजक, प्रफुल कुमार मंडल और नरेश मंडल शामिल थे।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
