
फुसरो ओवरब्रिज पर ट्रेलर की चपेट में आया बाइक सवार, पैर में गंभीर चोट; बोकारो रेफर
फुसरो ओवरब्रिज पर ट्रेलर की चपेट में आया बाइक सवार, पैर में गंभीर चोट; बोकारो रेफर
बोकारो। बेरमो थाना क्षेत्र के डुमरी-जैनामोड़ मुख्य मार्ग स्थित फुसरो ओवरब्रिज पर शुक्रवार को ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार शंकर धर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह फुसरो बाजार के निवासी हैं। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें केंद्रीय अस्पताल ढोरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शंकर धर अपनी बाइक (जेएच 09 वाई 4758) से मकोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर (एनएल 01 एके 7903) की चपेट में उनकी बाइक आ गई। बताया जाता है कि ट्रेलर बनारस से पुरुलिया जा रहा था। दुर्घटना में शंकर धर के पैर में गंभीर चोट लगी।
दुर्घटना के बाद फुसरो ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क पर जाम लग गया। इससे कुछ समय तक राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर बेरमो पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को ओवरब्रिज से हटवाकर थाने पहुंचाया। इसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
