
अब सड़क पर नहीं खड़ी होंगी डीएवी ढोरी की बसें
अब सड़क पर नहीं खड़ी होंगी डीएवी ढोरी की बसें
फोटो
बेरमो : डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी (मकोली मोड़) के बाहर मुख्य मार्ग पर बसों की पार्किंग रहने और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी मुद्दों को लेकर स्कूल प्रबंधन और प्रशासन के बीच बैठक हुई । बैठक में अभिभावकों की भी उपस्थिति रही । स्कूल के प्राचार्य निशिकांत कर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस, अभिभावक संघ और बस मालिकों ने हिस्सा लिया।
इसमें निर्णय लिया गया कि अब स्कूल की बसें व्यस्त जैनामोड़-डुमरी मुख्य मार्ग पर खड़ी नहीं होंगी। बच्चे अब सुरक्षित रूप से स्कूल कैंपस के अंदर ही बसों में सवार होंगे। बसें सुबह बच्चों को कैंपस में उतारकर तुरंत बाहर चली जाएंगी और छुट्टी होने से ठीक आधे घंटे पहले ही उन्हें दोबारा कैंपस में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की कड़ी जांच की जाएगी।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि पहले बसें अंदर ही खड़ी होती थीं, लेकिन खाली समय में कुछ चालकों की अवांछित गतिविधियों का छात्र-छात्राओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा था। इसी वजह से बसों को बाहर किया गया था। लेकिन अब भारी वाहनों वाले संकरे मार्ग पर बच्चों की जान के खतरे को देखते हुए यह नई सुरक्षित व्यवस्था लागू की गई है।
इस अहम फैसले के दौरान मकोली ओपी प्रभारी शशिकांत ठाकुर, अभिभावक संघ के अध्यक्ष संतोष भगत, संरक्षक गणेश यादव, शिन्टु सिंह, संदीप कुमार सिंह, भीम रवानी, पंकज कुमार सिंह, संतोष कुमार, बस मालिकों की ओर से रवि सिंह, रितेश सिन्हा और विद्यालय के कई शिक्षक मौजूद रहे।
