झारखंड

बोकारो विधायक श्वेता सिंह की भूख हड़ताल के बीच बिगड़ी तबीयत, आंदोलन स्थल पहुंचे DC; विस्थापितों से किया संवाद

बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में विस्थापितों के नियोजन की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच बोकारो विधायक श्वेता सिंह की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर उपायुक्त अजय नाथ झा आंदोलन स्थल पहुंचे। सेक्टर-3 स्थित टू-टैंक गार्डन पहुंचकर उपायुक्त ने विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और वहां मौजूद विस्थापितों से उनकी समस्याओं एवं मांगों को लेकर बातचीत की।

बताया जा रहा है कि विधायक श्वेता सिंह पिछले करीब 10 दिनों से विस्थापितों के नियोजन की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठी हैं। आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हुआ।

विधायक श्वेता सिंह के स्वास्थ्य की ली जानकारी

आंदोलन स्थल पर पहुंचे उपायुक्त अजय नाथ झा ने विधायक के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित लोगों को निर्देश दिए।

इस दौरान उपायुक्त ने आंदोलन में शामिल विस्थापितों की बात भी सुनी। विस्थापित लंबे समय से BSL में नियोजन सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं।

BSL प्रबंधन और विस्थापितों के बीच नियमित वार्ता पर जोर

उपायुक्त ने समस्या के समाधान के लिए संवाद और आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने BSL प्रबंधन और विस्थापितों के बीच नियमित रूप से वार्ता किए जाने पर जोर दिया, ताकि बातचीत के माध्यम से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

विस्थापितों के नियोजन का मुद्दा बोकारो में लंबे समय से उठता रहा है। अब आंदोलन के बीच जिला प्रशासन की पहल के बाद निगाहें BSL प्रबंधन और विस्थापितों के बीच आगे होने वाली बातचीत पर टिकी हैं।

Pankaj Sharma

पंकज शर्मा JharX News से जुड़े हैं और झारखंड की स्थानीय खबरों, जनहित के मुद्दों, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक विषयों से संबंधित समाचारों के संकलन और प्रकाशन का कार्य करते हैं।