
शिक्षा के डिजिटलीकरण की दिशा में पहल, विधायक जयराम महतो ने झारखंड कॉमर्स इंटर कॉलेज की वेबसाइट का किया शुभारंभ
नावाडीह (बेरमो) : डुमरी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में विधायक जयराम कुमार महतो ने गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने गुरुवार को क्षेत्र के पुराने शिक्षण संस्थानों में शामिल झारखंड कॉमर्स इंटर कॉलेज, डुमरी की डिजिटल वेबसाइट www.jcicdumri.in का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों, प्रवेश, परीक्षा, परिणाम और अन्य आवश्यक सूचनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।
वेबसाइट के शुभारंभ के अवसर पर विधायक जयराम कुमार महतो ने कहा कि शिक्षा का डिजिटलीकरण केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थी पढ़ाई और अन्य कारणों से क्षेत्र से बाहर रहते हैं। ऐसे में उन्हें कॉलेज की गतिविधियों और जरूरी सूचनाओं की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती। डिजिटल वेबसाइट के माध्यम से इस समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।
विधायक ने विशेष रूप से वित्तरहित महाविद्यालयों की वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से शुल्क संग्रह, आय-व्यय, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी। इससे संबंधित स्तर पर निगरानी और अंकेक्षण की प्रक्रिया भी आसान हो सकेगी। वहीं, ऑनलाइन शुल्क भुगतान जैसी सुविधाओं से विद्यार्थियों को कॉलेज में अनावश्यक कतारों में लगने और समय गंवाने से राहत मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य डुमरी विधानसभा क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शिक्षा व्यवस्था अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं जवाबदेह बन सके।
डिजिटल शिक्षा और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में यह पहल डुमरी क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों को तकनीक से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण शुरुआत मानी जा रही है।
