झारखंड

धनबाद रेल मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 551 यात्री पकड़े गए

धनबाद रेल मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 551 यात्री पकड़े गए

बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर कार्रवाई, जुर्माने के रूप में वसूले गए 4.02 लाख रुपये

धनबाद रेल मंडल में शनिवार को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे के नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले कुल 551 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे जुर्माने के रूप में कुल 4,02,780 रुपये की वसूली की गई। अभियान के बाद रेल प्रशासन ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

रेल मंडल की ओर से सुनियोजित तरीके से चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन टिकट जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना सफर करने वाले और बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की जांच कर कार्रवाई की गई।

मेगा टिकट चेकिंग अभियान के दौरान टिकट जांच टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर यात्रियों के टिकट की जांच की। अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ भी देखी गई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के साथ-साथ यात्रियों को नियमों के अनुसार सफर करने के लिए जागरूक करना है।

धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और रेलवे के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें। साथ ही, जिस श्रेणी का टिकट उनके पास है, उसी श्रेणी में यात्रा करें। बिना टिकट या अनियमित तरीके से यात्रा करने से बचें, ताकि जुर्माने और अन्य कार्रवाई से बचा जा सके।

रेलवे के इस अभियान से स्पष्ट है कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *