अपराध

आरके माइंस में चोरी का प्रयास, खदान के अंदर 4-5 चोरों के फंसे होने की आशंका

कतरास: रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत आरके माइंस में बुधवार की बीती रात चोरी का प्रयास का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चोर पंखा घर की दीवार में सेंधमारी कर खदान के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों की भनक की सूचना मिलते ही स्थानीय गार्ड मौके पर पहुंचे, जिसके बाद खदान से बाहर निकलने का रास्ता संदिग्ध चोरों के लिए मुश्किल हो गया। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच चोरी करने घुसे चार से पांच लोगों के खदान के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस और कंपनी प्रबंधन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलने पर आरके माइंस के जीएम और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। कंपनी कर्मचारियों ने खदान के अंदर जाकर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कर्मचारियों के अनुसार, अंदर संदिग्ध चोरों के चप्पल, नंगे पैर के निशान और इंसानी मल मिलने की चर्चा है।
बताया जाता है कि आरके माइंस की खदान काफी गहरी और विस्तृत है तथा करीब 34 लेवल तक फैली हुई है, जिससे अंदर गए लोगों की तलाश करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। यह इलाका सलानपुर खदान के सीम नंबर-5 के आसपास बताया जा रहा है।
फिलहाल खदान परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अंदर गए संदिग्ध लोगों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वास्तव में कितने लोग खदान के अंदर फंसे हैं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Pankaj Sharma

पंकज शर्मा JharX News से जुड़े हैं और झारखंड की स्थानीय खबरों, जनहित के मुद्दों, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक विषयों से संबंधित समाचारों के संकलन और प्रकाशन का कार्य करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *