
कृषक पाठशाला नावाडीह एवं पंचायत भवन खरपीटो में सशक्त महिलाओं के लिए मानकों द्वारा सहायता जागरूकता एवं पोषण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
भारतीय मानक ब्यूरो के प्रशिक्षण में महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं उपभोक्ता अधिकारों की दी गई जानकारी
नावाडीह (बोकारो): भारतीय मानक ब्यूरो, जमशेदपुर शाखा के तत्वावधान में आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति द्वारा सोमवार को कृषक पाठशाला प्रशिक्षण केंद्र, नावाडीह एवं पंचायत भवन, खरपीटो में महिलाओं के लिए सशक्त महिलाओं के लिए मानकों द्वारा सहायता, जागरूकता एवं पोषण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो के सौरभ राय एवं आनंद कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को दैनिक उपयोग की वस्तुओं की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, ISI मार्क, हॉलमार्क एवं उपभोक्ता अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई।
सौरभ राय ने कहा कि महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रमाणित उत्पादों का चयन कर उपभोक्ता अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आनंद कुमार ने महिलाओं को बिआईएस केयर मोबाइल ऐप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ऐप के माध्यम से किसी भी उत्पाद पर अंकित बीआईएस प्रमाणन एवं लाइसेंस नंबर की जांच कैसे की जा सकती है। उन्होंने ऐप के उपयोग की प्रक्रिया समझाते हुए उत्पादों की प्रामाणिकता जांचने तथा गुणवत्ता संबंधी शिकायत दर्ज करने की जानकारी भी दी।
आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उपभोक्ता अधिकारों एवं गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूक करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जागरूक महिलाएं अपने परिवार एवं समाज को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित कर सकती हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं को प्रमाणित उत्पादों की खरीदारी करने तथा प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
मौक़े पर भुवनेश्वर महतो, चंदन शर्मा, मदन कुमार, अरूण कुमार, तुलेश्वरी देवी, सीता देवी, बबीता देवी, गुलाबी देवी, अनिता देवी सहित कई महिलाएँ उपस्थित थी ।

